बिजली कटौती पर फूटा उद्यमियों का गुस्सा
हापुड़। बिजली कटौती व निगम कर्मियों के शोषण के विरोध में बुधवार को हापुड़ स्मॉल स्केल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के आह्वान पर उद्यमियों का गुस्सा फूट पड़ा। उद्यमियों ने अधिशासी अभियंता का घेराव कर जोरदार हंगामा किया। जल्द राहत नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
एसोसिएशन के सचिव अमन गुप्ता ने कहा कि गर्मी का सीजन शुरू होते ही बिजली की कटौती उद्योगों पर भारी पड़ने लगी है। बची कसर लोकल फाल्ट से पूरी हो रही है। आलम यह है कि रात के समय अघोषित कटौती से उद्यमियों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके अलावा बिना नोटिस दिए ही उद्यमियों के कनेक्शन भी काटे जा रहे हैं। स्टोर में मीटर का टोटा है। साथ ही उद्यमियों को नया कनेक्शन लेने में काफी परेशानी हो रही है। इन समस्याओं के विरोध में उद्यमियों ने अधिशासी अभियंता सुनील कुमार का घेराव कर, जोरदार हंगामा किया। जल्द राहत नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
हंगामा करने वालों में पुरुषोत्तम अग्रवाल, विजय अग्रवाल, रविंद्र गुप्ता, राजीव अग्रवाल, सुनील जैन, संजय सिंहल, साजन गुप्ता, दिपांशु गुप्ता, सौरभ अग्रवाल आदि मौजूद रहे।