शट डाउन के दौरान दौड़ा करंट, लाइनमैन की मौत
बिजलीघर पर तैनात कर्मचारी की लापरवाही ने फिर एक लाइनमैन की जान ले ली। बृहस्पतिवार को लौटी गांव के जंगल में शट डाउन लेकर पोल पर कार्य कर रहे लाइनमैन की अचानक करंट दौड़ने से मौत हो गई।
हादसे में उसका साथी कर्मचारी भी झुलस गया। सूचना के घंटों बाद भी कोई अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा। इससे परिजनों में गुस्सा है। उन्होंने मुआवजे की मांग की है।
गांव अजराड़ा निवासी सोनू पुत्र जयपाल गोहरा बिजलीघर पर संविदाकर्मी था। बृहस्पतिवार को वह अपने साथी कर्मचारी महेंद्र सिंह व सरफराज के साथ लौटी गांव के जंगल में एलटी लाइन में हुए फाल्ट को ठीक करने के लिए पोल पर चढ़ा हुआ था।
इससे पहले उसनेे शट डाउन लिया था, लेकिन बिजलीघर पर तैनात कर्मचारी की लापरवाही से अचानक लाइन में करंट दौड़ गया। इससे सोनू की पोल पर ही मौत हो गई, जबकि उसे बचाने के प्रयास में महेंद्र सिंह भी बुरी तरह झुलस गया।
ग्रामीणों ने किसी तरह शव को पोल से उतारा और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। घटना से मृृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना दिए जाने के घंटों बाद भी कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।
अधीक्षण अभियंता बीएल मौर्य ने कहा कि लाइनमैन की मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पीड़ितों को हर संभव राहत दिलाई जाएगी।
करंट से युवक ने तोड़ा दम
सीतादेही गांव में 18 वर्षीय सुरजीत पुत्र देवेंद्र घर पर ही बिजली का कुछ कार्य कर रहा था। इसी दौरान करंट का झटका लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार सुरजीत सिंह अपनी बुआ के यहां आया हुआ था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।