पिलखुवा में एक दूध की डेयरी पर जांच के दौरान पनीर को नष्ट कराती खाद्य विभाग की टीम। स्रोत विभाग
हापुड़। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने मिलावट के शक पर पनीर और मिश्रित दूध के नमूने लिए हैं। पिलखुवा में हुई कार्रवाई के दौरान कुछ नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। वहीं गंदगी में रखे करीब 25 हजार रुपये की कीमत के 110 किलोग्राम पनीर को नष्ट कराया गया है।
सहायक आयुक्त द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की है। करीब पांच घंटे तक पिलखुवा क्षेत्र में चली कार्रवाई से मिलावटखोरों में अफरा-तफरी मच गई। सभी जगहों पर टीम औचक निरीक्षण करने पहुंची। टीम ने सब्जी मंडी स्थित अजय तोमर के पनीर स्टॉल से पनीर का एक नमूना, फरीदनगर भोजपुर निवासी मिख्विर सिंह की बाइक से मिश्रित दूध का एक नमूना, रेलवे रोड घास मंडी स्थित इंडियन पनीर भंडार से एक नमूना, धौलाना रोड मंडी पिलखुवा स्थित जितेंद्र के प्रतिष्ठान से पनीर के दो नमूने व फिरोज के प्रतिष्ठान से पनीर का नमूना लिया गया है।
सहायक आयुक्त ने बताया कि धौलाना रोड मंडी पिलखुवा स्थित फिरोज के प्रतिष्ठान पर ही गंदगी वाले क्षेत्र में भंडारित करीब 25 हजार रुपये की कीमत के 110 किलोग्राम पनीर को नष्ट कराया गया। जमीन में गड्ढा कराकर पनीर को दबवा दिया गया। इस दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सोवेंद्र सिंह पंघाल, विपिन कुमार सिंह, आरपी गुप्ता, सहरिश सादात और मोहित कुमार आदि मौजूद रहे।