गर्भवतियां एचआरपी श्रेणी में चिह्नित
- फोटो : अमर उजाला
मातृत्व सुरक्षा सप्ताह के दौरान 1092 गर्भवतियों को एचआरपी (हाई रिस्क प्रेगनेंसी) श्रेणी में चिह्नित किया गया है। इन गर्भवती महिलाओं का हर माह सीएचसी में पूरा चेकअप निशुल्क किया जाएगा।
साथ ही प्रसव तक उन्हें निशुल्क इलाज भी मुहैया कराया जाएगा। एंबुलेंस के जरिए उन्हें सीएचसी तक लाया और पहुंचाया जाएगा। मातृ शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की ओर से मातृत्व सुरक्षा सप्ताह शुरू किया गया था।
इसके तहत जिलेभर की 9,453 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई थी। इनमें 1092 गर्भवतियाें में हीमोग्लोबिन, बीपी, शुगर और कम वजन जैसी समस्याएं मिलीं। इन गर्भवती महिलाओं को हाई रिस्क प्रेगनेंसी की श्रेणी में चिह्नित किया गया है।
प्रसव के दौरान इन महिलाओं को किसी अप्रिय घटना का सामना न करना पड़े, इसके लिए हर महीने इन गर्भवतियों की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच की जाएगाी।
डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रवीण शर्मा ने बताया कि एचआरपी श्रेणी में चिह्नित गर्भवती महिलाओं को
हर महीने एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया जाएगा। हास्पिटल में उनकी सभी जांचें की जाएंगी। प्रसव तक इन्हें पूरा इलाज दिया जाएगा। इससे मातृत्व मृत्यु दर में अवश्य कमी आएगी।