दुर्घटना और अन्य आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचा रही 108 एंबुलेंस सेवा से अब समाजवादी शब्द हटा दिया गया है। दरअसल, लोगों की चुनाव आयोग की शिकायत के बाद प्रशासन की ओर से यह कदम उठाया गया है।
हालांकि क्षेत्र में चुनाव संपन्न होने के बाद लिये गए इस निर्णय का यहां कोई औचित्य नहीं रह गया है। हालांकि पूर्वांचल में अभी चुनाव चल रहा है। समाजवादी एंबुलेंस सेवा का लाभ सूबे के लोगों को लगातार मिलता रहा है।
जिले में भी ऐसी 22 एंबुलेंस हैं। प्रदेश में विधान सभा चुनाव हो रहे हैं। ऐसे में कुछ लोगों ने भारतीय चुनाव आयोग से समाजवादी शब्द पर एतराज करते हुए इसकी शिकायत की थी।
जिसके बाद तीन दिन पहले चुनाव आयोग ने प्रदेश की सभी एंबुलेंस सेवाओं से समाजवादी शब्द हटाने के निर्देश दिये थे। ताकि किसी भी रूप से इन एंबुलेंस द्वारा समाजवादी पार्टी का प्रचार न हो।
जिले में भी सभी एंबुलेंस से समाजवादी शब्द हटा दिया गया। हालांकि जिले में चुनाव पहले ही चरण में संपन्न हो चुका है। ऐसे में चुनाव के बाद हुई इस कार्रवाई को लोग औचित्यहीन बता रहे हैं।
लोगों का कहना है कि जिन जिलों में चुनाव संपन्न हो चुका है उनमें इस प्रकार की सख्ती की आवश्यकता नहीं है। सीएमओ एके सिंह का कहना है कि चुनाव आयोग के आदेश पर ये कार्रवाई की गई है।