बरसात के बाद खुला मौसम, निकली तेज धूप
हापुड़। झमाझम बारिश के बाद शुक्रवार को सुबह से निकली तेज धूप ने लोगों को राहत दी। हालांकि सुबह और शाम के समय एक दिन पहले आसपास के क्षेत्रों में हुई भयंकर ओलावृष्टि का असर ठंड के रूप में देखने को मिला।
मौसम लगातार करवटें बदल रहा है। पिछले दो दिनों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं के बाद शुक्रवार को सुबह से ही मौसम का नया रूप देखने को मिला। इस दौरान आसमान पूरी तरह से साफ रहा और सुबह से ही धूप खिलनी शुरू हो गई। दोपहर के समय धूप इतनी तेज थी कि उसमें बैठना भी मुश्किल हो रहा था। धूप खिलने के बीच तापमान में भी बढ़ोतरी हुई। हालांकि ओलावृष्टि का असर सुबह-शाम को देखने को मिला। इस दौरान सर्द हवाओं ने लोगों को परेशान किया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री व न्यूनतम सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम जानकारों के अनुसार अगले एक दो दिन मौसम में खुले रहने के आसार हैं।