कोहरे ने बिगाड़ी ट्रेनों की चाल, यात्री बेहाल
हापुड़। सर्दियों में कोहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लगना शुरू हो गया है। रविवार को मुरादाबाद से हापुड़ की ओर आने वाली एक दर्जन एक्सप्रेस व पैसेंजर अपने निर्धारित समय से घंटों की देरी से स्टेशन पहुंचीं। ऐसे में यात्रियों को घंटों ट्रेन इंतजार करना पड़ा। ठंड में उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
स्टेशन अधीक्षक मुनीराम मीना ने बताया कि रविवार को रक्सौल से चलकर आनंद विहार की ओर जाने वाली सद्भावना एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से चार घंटे की देरी से पहुंची। फैजाबाद से पुरानी दिल्ली जाने वाली फैजाबाद एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से आठ घंटा, बनारस से नई दिल्ली जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस एक घंटा, प्रतापगढ़ से पुरानी दिल्ली जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस पांच घंटा, लखनऊ से नई दिल्ली जाने वाली लखनऊ मेल एक घंटा देरी से पहुंची। इलाहाबाद से सहारनपुर जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस चार घंटे, सुल्तानपुर से आनंद विहार जाने वाली सत्याग्रह एक्सप्रेस एक घंटा, मुरादाबाद से आनंद विहार जाने वाली मेमू दो घंटा, जयनगर से अमृतसर जाने वाली शहीद एक्सप्रेस चार घंटे की देरी से पहुंची। इसके अलावा बरेली से नई दिल्ली की ओर जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस एक घंटा, बरेली से भुज जाने वाली आला हजरत एक्सप्रेस पांच घंटा, इलाहाबाद से मेरठ सिटी की ओर जाने वाली संगम एक्सप्रेस साढ़े पांच घंटा की देरी से पहुंची।