फोटो फाइल संख्या 24एचपीआर पीएच-02
ठेला संचालकों ने सचिव के खिलाफ किया प्रदर्शन
- मंडी सचिव द्वारा ठेला हटवाने पर जताया विरोध, बंद रखा काम
हापुड़। गढ़ रोड स्थित नवीन मंडी में मंडी समिति के सचिव द्वारा ठेले हटवाए जाने के विरोध में शुक्रवार को ठेला संचालकों ने सचिव के कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन कर, शोषण का आरोप लगाया है। राहत नहीं मिलने पर मंडी में आवागमन बंद करने की चेतावनी दी गई है। इस दौरान विधायक भी लोगों की समस्या सुनने पहुंचे।
प्रदर्शनकारी ठेला संचालकों ने बताया कि वह बीते कई वर्षों से मंडी में ठेला आदि लगाकर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहे हैं। अब से पूर्व किसी अधिकारी को इसमें आपत्ति नहीं हुई। भूखे, प्यासे किसान भी अपनी भूख मिटाने के लिए ठेलों पर ही आते हैं। लेकिन मंडी समिति के सचिव ने इन्हें हटवाकर उन्हें आर्थिक संकट में डाल दिया है।
शुक्रवार को गुस्साए ठेला संचालकों ने मंडी समिति सचिव के कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन कर, शोषण का आरोप लगाया। संचालकों ने चेतावनी दी है कि यदि उनका रोजगार छीना गया तो वह मंडी में लोगों का आवागमन बंद कर देंगे। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन करने वालों में प्रदीप, विकास कुमार, नरेंद्र, ब्रिजेश त्यागी, अनिल कुमार, अरशद, परमानंद, अरविंद सैनी, नौशाद, रवि कुमार, ईश्वर चंद, नरेश चंद, बिजेंद्र, साहिद, ओंमकार, देवेंद्र, मोहित, मोमीन आदि मौजूद रहे।
मंडी समिति के सचिव सुनील कुमार का कहना है कि शासन के निर्देश पर ही यह कार्रवाई हुई है। मंडी परिसर के बाहर उन्होंने किसी ठेले वाले को नहीं हटाया है।
विधायक विजयपाल आढ़ती का कहना है कि वह इस समस्या का समाधान कराने का प्रयास करेंगे। इस संबंध में शासन को भी अवगत कराया जाएगा।
े