अलग-अलग हादसों में महिला समेत तीन घायल
गढ़ मेरठ रोड पर गांव दौताई के निकट बाइक की टक्कर से सड़क पार कर रही महिला घायल हो गई। वहीं सिंभावली में रेलवे रोड के सामने कार की टक्कर से दो भाई घायल हो गए। इनमें से एक को गंभीर हालत में हापुड़ के लिए रेफर कर दिया गया है।
गढ़ के गांव दौताई निवासी कंच्छिद की पत्नी जग्गो शनिवार सुबह सड़क पार स्थित खेतों पर काम करने के लिए गई थी। दोपहर के समय जग्गो सड़क पार कर नल से पानी भरने के लिए आ रही थी।
इसी बीच मेरठ की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनको टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गई। परिजनों ने महिला को स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया है।
वहीं जनपद बुलंदशहर के स्याना थाना क्षेत्र के गांव रानापुर निवासी सेवानिवृत्त सूबेदार चंद्रप्रकाश अपने भाई खेमचंद के साथ बाइक से किसी काम से शनिवार को सिंभावली आया था।
जैसे ही वह रेलवे रोड के सामने पहुंचे, तो अचानक दिल्ली की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे चंद्रप्रकाश और खेमचंद घायल हो गए।
घायलों को राहगीरों ने पीएचसी में भर्ती कराया। यहां से चंद्रप्रकाश की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने हापुड़ रेफर कर दिया। वहीं हादसे के बाद चालक कार समेत मौके से भाग निकला। एसओ सिंभावली दीक्षित त्यागी ने बताया कि चालक की तलाश की जा रही है।