कोतवाली क्षेत्र के परतापुर रोड के किनारे शुक्रवार रात कैंटर से बोरे फेंक रहे दो युवकों को लोगों ने पकड़ लिया। जांच में 10 बोरों में एक्सपायरी डेट की दवा मिलीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में ले लिया और औषधि विभाग को सूचना दी।
औषधि विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार रात परतापुर रोड के किनारे लोगों ने कैंटर से बोरे फेंकते हुए दो युवकों को देखा। पब्लिक ने दोनों युवकों को तुरंत पकड़ लिया। सभी 10 बोरों को खोला गया तो उनमें एक्सपायरी डेट की दवाईयां मिलीं।
कुछ देर बाद पब्लिक की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को पकड़कर कैंटर को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने औषधि विभाग को सूचित किया। शनिवार सुबह कोतवाली टीम के साथ पहुंचकर जिला औषधि निरीक्षक दीपा लाल ने मामले की जांच शुरू की।
दीपा लाल ने बताया कि दो युवकों को पुलिस ने एक्सपायरी डेट की दवाइयों के साथ पकड़ा है। दवाईयां कहां से लाई गईं और क्यों फेंकी जा रही थीं। इसकी अभी जांच की जा रही है।
उधर, कोतवाल दीपक त्यागी का कहना है कि पब्लिक की सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने पहुंचकर दवाईयों को पकड़ा है। औषधी विभाग की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों का कहना है कि बोरों से बरामद दवाइयां दिल्ली से लाई गई हैं और उन्हें यहां ठिकाने लगाया जा रहा था। हालांकि आषधि विभाग के अधिकारियों ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। उन्होंने बताया कि बोरों में कई तरह की दवाएं शामिल हैं।