मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आह्वान पर 11 जुलाई की सुबह दस बजे से 12 जुलाई की सुबह दस बजे तक 24 घंटे में पूरे प्रदेश में पांच करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। वहीं जिले में इस दौरान 1.42 लाख पौधे लगाए जाएंगे। इसके लिए अफसरों ने तैयारी पूरी कर ली है।
जिले में 16 स्थानों पर 101.91 हेक्टेयर भूमि में 1,42,500 पौधे लगाए जाऐंगे। इसमें स्कूली बच्चे भी सहयोग करेंगे। गढ़मुक्तेश्वर ब्लॉक में सबसे अधिक 83,350 पौधे लगाए जाएंगे। जिले में मोहम्मदपुर रुस्तमपुर वन ब्लॉक,
मध्य गंग नगर, बख्तावरपुर, आलमगीरपुर वन ब्लॉक, मोहम्मदपुर रुस्तमपुर, गढ़ावली वन ब्लॉक, अनूपशहर ब्रांच, मध्य गंग नहर, उत्तर प्रदेश पशुधन विकास परिषद की भूमि, उत्तर प्रदेश राजकीय पशुधन एवं कृषि प्रक्षेत्र बाबूगढ़ सहित 16 स्थानों पर पौधरोपण किया जाएगा।
वन विभाग के अफसरों ने पौधरोपण के लिए गड्ढे खुदवा दिए हैं। इनमें नीम, बरगद, पीपल सहित विभिन्न छायादार पौधे लगवाए जाएंगे। हापुड़ ब्लॉक में 9,375, सिंभावली ब्लॉक में 49,775 और सबसे अधिक गढ़मुक्तेश्वर ब्लॉक में 83,350 पौधे लगाए जाऐंगे।
वन विभाग के प्रभागीय निदेशक पीएन सिंह ने बताया कि पौधरोपण के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। प्रयास रहेगा कि 24 घंटे से पहले ही लक्ष्य को पूरा कर लिया जाए।