राठ (हमीरपुर)। वाहन की टक्कर से कार सवार युवक की मौत हो गई। वहीं, कार सवार उनका साथी घायल हुआ। उसका उरई मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परख्च्चे उड़ गए और पीछे बिजली के पोल से टकरा गई।
नगर के फरसौलियाना मोहल्ला निवासी मैयादीन प्रजापति ने बताया कि उनका बड़ा बेटा शिवम प्रजापति (23) शुक्रवार रात 12 बजे अपने साथी आंबेडकर चौराहा निवासी शिवम सोनी (25) व दीपू (26) के साथ कार से घर लौट रहा था। मल्हौवा रोड नहर बाईपास के पास कार चला रहे दीपू ने साइड से कार खड़ी कर दी और लघुशंका को चला गया।
शिवम प्रजापति व शिवम सोनी कार में ही बैठे थे। तभी किसी वाहन ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पीछे लगे बिजली के पोल से टकरा गई। कार के दोनों एयरबैग खुले हुए थे। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।
जहां डॉ. चंद्रशेखर ने शिवम प्रजापति को मृत घोषित कर दिया। वहीं, शिवम सोनी का मेडिकल कॉलेज उरई में इलाज चल रहा है। युवक नगर की एक पैथोलॉजी में काम करता था। अभी उसका विवाह नही हुआ था।
उसकी मौत पर छोटे भाई सागर व मां का रो रोकर बुरा हाल है। कोतवाल उमेश कुमार सिंह ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। दुर्घटना करने वाले वाहन की तलाश व घटना की जांच की जा रही है।