थानाक्षेत्र के कुंडौरा गांव के निकट हाईवे पर एक ट्रक ने दो बाइक सवारों को रौंद दिया। इसमें एक युवक की मौके पर मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
शनिवार अपराह्न तीन बजे कुंडौरा गांव निवासी रीतू सिंह (35) पुत्र उज्जैन सिंह साथी सत्यनारायण उर्फ सत्तन भुर्जी (40) के साथ बाइक से सुमेरपुर लौट रहा था। उसी गांव का सत्येंद्र सिंह (28) पुत्र शिवमोहन सिंह भी बाइक से वापस गांव आ रहा था।
शिवमंदिर के पास महिला नाला पुल समीप कबरई की ओर जा रहे ट्रक ने ओवरटेक के प्रयास में दोनों बाइक सवारों कोे रौंद दिया। हादसे में सत्तन भुर्जी की मौके पर मौत हो गई। जबकि रीतू और सत्येंद्र को सदर अस्पताल भेजा गया। जहां रीतू की हालत नाजुक होने पर उसे कानपुर रिफर किया गया है।
घटना के बाद चालक और खलासी ट्रक छोड़ कर भाग गए। थानाध्यक्ष जेपी यादव, क्राइम ब्रांच के प्रभारी के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं घटना से गुस्साए ग्रामीण सड़क पर आ गए। थानाध्यक्ष ने उन्हें किसी तरह समझाया। जिला पंचायत सदस्य हरीओम सिंह सेंगर घायलों को देखने जिला अस्पताल गए और उनका हाल चाल लिया।