जनपद की सीमा से लगे केन नदी के गढ़ा गांव अपने ननिहाल आए युवक की नहाते समय गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। वह अपने ममेरे भाई के साथ नदी में नहाने गया था। घटना के एक घंटे बाद सूचना मिलने पर नदी पहुंचे ग्रामीणों ने मशक्कत कर शव निकाला। इस घटना से परिवार में कोहराम मचा है। वहीं मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी उमदराज खां ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। ग्रामीणों का आरोप है कि नदी में मशीनों से निकाली गई मौरंग के कारण भारी भारी गड्ढे होने से हादसा हुआ।
थाना सिसोलर क्षेत्र में केन नदी के किनारे बसे गढ़ा गांव में पानी का संकट है। इसके नीचे से बह रही केन नदी का बहाव यहां टूट चुका है। केन नदी में बांदा जनपद की ओर से मौरंग की जमकर खुदाई हुई है। जिससे नदी में कई-कई फीट गड्ढे हो गए हैं। इन गड्ढों में पानी भरा है।
थाना सुमेरपुर के बिदोखर गांव के मूल निवासी रामसजीवन श्रीवास ने मौदहा कस्बे में मकान बनवाया था। उसकी ससुराल गढ़ा गांव में है। रामसजीवन की मौत के बाद उसके परिजन ननिहाल जाते रहते हैं। इसी क्रम में बीती शाम उसका बड़ा बेटा सत्यनारायन (22) ननिहाल गया था।
घटना के मुताबिक सुबह वह मामा बच्चा के छोटे पुत्र राहुल (10) के साथ केन नदी में नहाने गया। जैसे ही वह मौरंग के खुदे गहरे गड्ढे में गया तो गहराई अधिक होने से डूब गया। जब वह बाहर नहीं आया तो मामा के पुत्र ने शोर किया और घर आकर परिजनों को जानकारी दी।
सूचना मिलते ही ग्रामीण पहुंचे और कड़ी मशक्कत कर शव बाहर निकाला। क्षेत्राधिकारी उमदराज खां ने बताया कि घटना स्थल बांदा जनपद के पैलानी थानाक्षेत्र में है। इसलिए वहां की पुलिस को सूचना दी गई है और उनके जरिए ही पोस्टमार्टम कराया जाएगा।