फोटो 17 एचएएमपी 36- घायल युवती को महिला सिपाही गोद में उठाकर अस्पताल ले जाते हुए। संवाद
हमीरपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित बस स्टैंड पर हमीरपुर डिपो की बस को बैक कराते समय एक युवती बस और ऑटो के बीच दब गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
शहर के गौरादेवी मोहल्ला निवासी रमेश ने बताया कि उनकी पुत्री अल्का (19) कानपुर में रहकर जीएनएम की पढ़ाई करती है। दशहरा पर शनिवार को कानपुर से हमीरपुर लौट रही थी। इसी दौरान बस को पीछे किया जा रहा था तभी वह बस और ऑटो के बीच फंस गई। इस टक्कर से युवती गिर गई और उसे गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद महिला सिपाही प्रतिभा सिंह ने उसे गोद में उठाकर ऑटो से जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सक उसका उपचार कर रहे हैं।