फोटो 15 एचएएमपी 13- मृतक राजकुमार। स्रोतः परिजन
राठ (हमीरपुर)। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास मोड़ पर बुधवार रात बाइक फिसलते हुए सड़क किनारे घुस गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि उसके साथी को मामूली चाेटें आईं। दोनों युवक दोस्त की बरात में अभिनंदन पत्र लेकर जा रहे थे।
मझगवां थाने के झिन्नावीरा गांव निवासी प्रमोद कुमार ने बताया कि छोटा भाई राजकुमार (23) रोहतक की एक कंपनी में काम करता था। वह पहरा गांव निवासी दोस्त देवीदीन की शादी में शामिल होने 11 अक्तूबर को घर आया था। बुधवार रात साथ में काम करने वाले दोस्त महोबा के चरखारी थाने के रिवई गांव निवासी पवन के साथ देवीदीन की बरात में जरिया थाना क्षेत्र के पवई गांव गए थे। बताया कि दूल्हा पक्ष बरात में दिया जाने वाला अभिनंदन पत्र गांव में ही भूल आया था।
राजकुमार व पवन पहरा आए और अभिनंदन पत्र लेकर बाइक से पवई लौट रहे थे। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास मोड़ पर बाइक असंतुलित हो गई और फिसलते हुए सड़क किनारे जा घुसी। हादसे में राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बृहस्पतिवार सुबह चार बजे सीएचसी लाया गया जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत पर मां धनकी व बहन सोमवती बिलखती रहीं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।