इस बार नवरात्र पर श्रद्धालुओं को अपनी जेब पहले से अधिक ढीली करनी पड़ेगी। पूजन सामग्री के दामों में दस से बीस फीसदी तक वृद्धि हो चुकी है। फलों के दाम भी दस से 20 रुपये प्रति किलो बढ़ गए हैं। फलाहारी सामग्रियों के रेट भी बढे हैं। अबकी बार नवरात्र पर महंगाई का असर है।
चैत्र नवरात्र शुक्रवार से शुरू हो रहे हैं। नवरात्र की तैयारियां जोरों पर हैं। दुर्गा पंडालों को सजाने का काम अंतिम चरण में है। पूजन सामग्री की दुकानों पर भीड़ उमड़ने लगी है। इस बार श्रद्धालुओं को व्रत रखने के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। पूजन सामग्री के दामों में 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो चुकी है।
पूजन सामग्री के अलावा फलों के दामों में इजाफा हुआ है। 10 से 20 प्रतिशत तक फल के दाम बढ़ चुके हैं। व्यापारी हरीओम गुप्ता व जगदीश पहलवान का कहना है कि नवरात्र को लेकर लोग खरीददारी करने में लगे हैं। चुनरी और माला की भी खूब बिक्री है। इस बार लोग बड़े साइज की अपेक्षा छोटी साइज वाली सामग्री को महत्व दे रहे हैं।
नगर में प्राचीन चौरादेवी, गौरादेवी, दुर्गा मंदिर, देवादास मंदिर, शीतला माता मंदिर में जहां नवरात्र पर भारी भीड़ उमड़ेगी। वहीं सुभाष बाजार में नवयुवक संघ के विशाल पंडाल में देवी प्रतिमाएं स्थापित करने की तैयारी हैं। बाजार मार्ग को भी आयोजकों ने दुल्हन की तरह इलेक्ट्रानिक झालरों से सजाने का काम शुरू कर दिया है।
कमेटी के स्वदेश सचान, लाला धुरिया सहित अन्य ने बताया कि शुक्रवार से प्रतिदिन धार्मिक आयोजन के साथ पंडाल में प्रतिदिन नए रूप में देवी प्रतिमाओं का श्रंगार किया जाएगा। इसके साथ ही देवी मंदिरों की सफाई व पेंटिंग का कार्य भी करीब करीब पूरा हो चुका है।
जलालपुर। क्षेत्र में भेड़ी गांव स्थिति मां माहेश्वरी माता के मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगेगा, मेला परिसर में बाहरी दुकानदारों ने दुकानें लगाने का काम शुरूकर दिया है। इस प्राचीन मंदिर में 15 दिवसीय मेला भी शुक्रवार से शुरू हो जाएगा। इसको लेकर मंदिर परिसर में सोने व चांदी से लेकर बर्तन, मिठाई जैसी दुकानों का लगना जारी हैं। मेला कमेटी के अध्यक्ष अरुण कुमार द्विवेदी ने बताया कि सफाई व्यवस्था पूरी हो चुकी है।