फोटो 10 एचएएमपी 26= जिला कारागार में पूजन करती महिला बंदी। स्रोत : जेल प्रशासन
हमीरपुर। जिले भर में पति-पत्नी के प्रेम का प्रतीक करवाचौथ पर्व श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया गया। पर्व पर पहली बार व्रत रखने वाली नवविवाहिताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जिला कारागार में निरुद्ध सात महिला बंदियों ने व्रत रखा। इनमें से चार ने जेल में बंद अपने पतियों की पूजा कर उनकी लंबी उम्र की कामना की।
करवा चौथ का सुहागिनों को बेसब्री से इंतजार था। शुक्रवार को दिनभर व्रत रख श्रद्धा व उत्साह के साथ पर्व को मनाया। चांद निकलते ही उसकी पूजा कर अपने पति का पूजन कर उनकी लंबी आयु की कामना की। इस मौके पर पतियों ने अपनी पत्नियोें को पानी पिला व्रत का पारण कराया। जेल अधीक्षक मंजीव विश्वकर्मा ने बताया कि जिला कारागार में सात महिला बंदियों ने करवाचौथ का व्रत रखा। इनमें चार के पति यहीं जेल में निरुद्ध है। जेल में महिलाओं को पूजन सामग्री उपलब्ध कराई गई। चांद निकलने के बाद व्रत रखने वाली महिला बंदियों ने विधि विधान से पूजन किया।