फोटो08एचएएमपी 02- जिलाधिकारी से शिकायत करने जाते मजदूर। संवाद
हमीरपुर। मेहनत-मजदूरी करने वाले मजदूरों ने ठेकेदार पर मजदूरी का भुगतान न करने का आरोप लगाया है। उन्होंने जिलाधिकारी से इस संबंध में शिकायत की है। मजदूरों का आरोप है कि नौ दिन की मजदूरी मांगने पर उन्हें टरकाया जा रहा है।
बृहस्पतिवार को कुरारा क्षेत्र के पतारा निवासी शिवकुमार के नेतृत्व में मजदूरों ने डीएम को संबोधित मांग पत्र प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। मजदूरों ने बताया कि वह जिला कारागार में चल रहे निर्माण कार्य में ठेकेदार के माध्यम से काम कर रहे थे। आरोप है कि 29 सितंबर से सात अक्तूबर तक किए गए काम की मजदूरी नहीं मिली है। बीते माह के दो दिन के काम का भुगतान भी नहीं जोड़ा गया। कलक्ट्रेट पहुंचे जासू, गौतम, हेतराम, नीरज, धीरेंद्र, बेनी, संतोष और भगवान दास ने मिस्त्री समेत 10 बेलदारों की बकाया मजदूरी दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि काम कराया है तो पैसा समय पर दिया जाए।
वहीं ठेकेदार के मुनीम आदित्य यादव ने मजदूरों के आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें अचानक दो दिन के लिए बाहर जाना पड़ा था। इस कारण तीन दिन का भुगतान नहीं हो सका। श्रमिकों से लौटकर भुगतान करने की बात कही गई थी। उन्होंने नौ दिन की मजदूरी बकाया होने का आरोप गलत बताया।