महोबा। महाकौशल एक्सप्रेस ट्रेन से सफर कर रहे श्रमिक की सोमवार की रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना से परिजन रो-रोकर बेहाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जनपद के खमारिया निवासी गोविंदी ठाकुर (50) मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी बहन सरोजबाई शहर के मोहल्ला माथुरनपुरा में रहती है। वह बहन से मिलने के लिए महाकौशल एक्सप्रेस ट्रेन से महोबा आ रहा था। इस दौरान ट्रेन में उसकी हालत बिगड़ गई। सीने में दर्द के साथ उल्टियां होने पर परिजन को सूचना दी। परिजन उसे अचेत अवस्था में जिला अस्पताल ले गए जहां इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सरोजबाई ने बताया कि देर रात ट्रेन में सफर के दौरान भाई की हालत बिगड़ गई थी। शहर कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे।