जाम स्थल पर ईओ आशुतोष से बातचीत करतीं महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
राठ। गायत्री नगर नई बस्ती मोहल्ले में जलभराव की समस्या दूर न होने पर आक्रोशित महिलाओं ने मंगलवार को राठ-हमीरपुर मार्ग पर रस्सा बांध जाम लगा दिया। पहले भी महिलाओं ने समस्या दूर करने के लिए प्रदर्शन किया था। इसके बाद भी जलनिकासी न होने पर महिलाएं फिर भड़क गईं। रोड जाम करने से वाहनों की कतारें लग गईं। इससे बस यात्रियों को भी काफी परेशानी हुई।
कस्बे के गायत्री नगर नई बस्ती में लोगों के घरों से निकले पानी से जलनिकासी की समस्या पैदा हो गई। मोहल्ले के लोगों ने अधिकारियों को शिकायतीपत्र देकर समस्या दूर करने की मांग की। समस्या का हल न होने पर सात मई को दर्जनों महिलाओं ने राठ-हमीरपुर मार्ग पर जाम लगाया था। तब अधिकारियों ने एक सप्ताह का समय मांगा। इस आश्वासन जाम खुल सका था।
एक सप्ताह गुजरने के बाद भी नगर पालिका प्रशासन ने जलनिकासी की समस्या दूर नहीं की। इस पर मंगलवार को दोपहर करीब एक बजे आक्रोशित दर्जनों महिलाओं ने राठ-हमीरपुर मार्ग पर रस्सा बांध जाम लगा दिया। इस दौरान महिलाओं ने प्रशासन और पालिका के अधिकारियों के विरोध में मुर्दाबाद के नारे लगाए। महिलाएं समस्या का समाधान करने की मांग पर अड़ गईं। जाम की जानकारी मिलते ही तहसीलदार परशुराम, ईओ नगर पालिका आशुतोष मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिलाओं को समझाया लेकिन वे तत्काल जलनिकासी की मांग पर अड़ गईं।
भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप में दो घंटे तक लगे जाम से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जाम से बसों में बैठे यात्री और बच्चे बिलबिला उठे। शीला देवी, सुनीता, अशोक कुमार, रामदेव, गिरजारानी, प्रेमचंद्र, अवधरानी, सीतारानी, मिथलेश, राम कुमारी, सरोज, कल्याण आदि ने जाम स्थल पर बताया कि उनके घरों के अंदर गंदा पानी भरा हुआ है। नगर पालिका के अधिकारी इस समस्या को नजरअंदाज कर रहा है। सड़क पर गंदा पानी भरने से दुर्गंध आ रही है जिससे लोगों को अपने घरों के अंदर कैद रहना मजबूरी बन गया है। बाद में नगर पालिका द्वारा तत्काल जलनिकासी की समस्या दूर करने का आश्वासन दिया तब कहीं जाकर जाम खुल सका। इस मामले में अधिशाषी अधिकारी आशुतोष ने कहा कि जलनिकासी का प्लान तैयार किया गया है। उसी के तहत शीघ्र काम शुरू कराया जा रहा है।