फोटो 02 एचएएमपी 08 राठ में महिला को कुंए से बाहर निकालते मुबीन अहमद। संवाद
- फोटो : 1
राठ। सीने में असहनीय दर्द से परेशान महिला शुक्रवार तड़के मायके में घर के बाहर जान देने के लिए करीब 35 फीट तक पानी भरे कुएं में कूद गई लेकिन वह सीने का दर्द भूलकर माैत के डर से करीब चार घंटे तक कुएं में तैरती रही। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब साढ़े तीन घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर महिला को सकुशल बाहर निकाला।
नगर के अतरौलिया मोहल्ला निवासी राजबहादुर कुशवाहा ने बताया कि 45 वर्षीय बेटी शीला की ससुराल महोबा में है। वह काफी समय से सीने में दर्द से परेशान है। इलाज के लिए करीब एक पखवाड़े पहले मायके आई थी। शुक्रवार तड़के करीब चार बजे तेज दर्द से परेशान होकर शीला घर के बाहर 55 फीट गहरे कुएं में 35 फीट तक भरे पानी में कूद गई और वह माैत के डर से अपना दर्द भूलकर कुएं में तैरती रही।
कुछ देर बाद परिजन को जानकारी हुई तो शीला को कुएं में तैरती देखा। परिजन, पड़ोसियों और रिश्तेदारों ने उन्हें बाहर आने के लिए समझाया लेकिन वह कुएं से निकलने के लिए तैयार नहीं हुई। परिजन ने रस्सी डालकर बाहर निकालने का प्रयास भी किया गया लेकिन सफलता नहीं मिली।
इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलने पर पुलिस, नगर पालिका और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आपदा राहत टीम के मुबीन अहमद ने कुएं में उतरकर महिला को बाहर निकाला।
इसके बाद उसे सीएचसी पहुंचाया गया। शीला की एक बेटी है जिसकी शादी हो चुकी है। कोतवाली प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि महिला बीमारी के चलते तनाव में थी। इसलिए जान देने के लिए कुएं में कूद गई थी। उसे सकुशल बाहर निकालकर समझाया गया है। अब वह ठीक है।
फोटो 02 एचएएमपी 08 राठ में महिला को कुंए से बाहर निकालते मुबीन अहमद। संवाद- फोटो : 1