मौदहा (हमीरपुर)। शुक्रवार देर शाम एनएच-34 पर नरायच गांव स्थित मजार बालेराजा बाबा के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सीएचसी मौदहा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में भुवनेश्वर शुक्ला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
रीवन गांव निवासी व्यापार मंडल के जिला सलाहकार भुवनेश्वर शुक्ला (72) अपने साथी सुरेश (55) के साथ बाइक से मौदहा कस्बे से गांव लौट रहे थे। नरायच गांव में मजार बालेराजा बाबा के पास पहुंचते ही अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने एंबुलेंस बुलाकर दोनों को सीएचसी पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। भुवनेश्वर शुक्ला की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल हमीरपुर रेफर कर दिया गया।
शराब की दुकान में चोरी का खुलासा, चार गिरफ्तार
भरुआ सुमेरपुर। पचखुरा खुर्द स्थित देसी शराब की दुकान से 39 पेटी शराब, 9,600 रुपये नकद और सीसीटीवी का डीवीआर चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 256 क्वार्टर देसी शराब, 5120 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त सफेद स्विफ्ट कार बरामद की है।
सात सितंबर को हुई चोरी की घटना के संबंध में उमेश कुमार गुप्ता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शुक्रवार को नेशनल हाईवे से इटरा गांव जाने वाले मोड़ के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने सत्यम सोनी, प्रिंस राजपूत, ज्ञान सिंह उर्फ लल्ला और मुकेश अनुरागी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मामले में तीन अन्य आरोपी फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। कार्रवाई थाना प्रभारी पवन कुमार पटेल के नेतृत्व में सुमेरपुर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने की।