फोटो 31 एचएएमपी 22- सुमेरपुर पीएचसी में मृतका आरती के परिजन। संवाद
भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। रिश्तेदार को देखने पति के साथ बाइक से सदर अस्पताल जा रही महिला की कार की टक्कर लगने से सड़क पर गिरकर मौत हो गई। हादसे के बाद पति उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पति पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव लेकर गांव लौट गया।
सिसोलर थानाक्षेत्र के भुलसी गांव निवासी विनय कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह लगभग 11 बजे वह पत्नी आरती (26) और बच्चों के साथ बाइक से सदर अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार को देखने जा रहा था। मुंडेरा मार्ग पर मिहुना गांव के समीप ब्रह्मदेव स्थान के पास सिसोलर की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से आरती उछलकर सड़क पर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। पति उसे तत्काल कस्बे के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के दो छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद पति का मोबाइल फोन भी बंद है। पीएचसी के चिकित्सक डॉ. हर्ष ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को दी गई थी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही पति शव लेकर जा चुका था। वहीं थानाध्यक्ष पवन कुमार पटेल ने बताया कि उन्हें घटना की कोई सूचना नहीं मिली है। (संवाद)