भरुआ सुमेरपुर। टेढ़ा गांव में बीते 16 सितंबर को चालक के अचानक ऑटो मोड़ देने पर सामने से आ रही बाइक भिड़ गई। हादसे में ऑटो सवार महिला गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। साथ ही बाइक सवार भी घायल हो गए। इलाज के दौरान महिला की कानपुर में मौत हो गई।
टेढ़ा गांव निवासी दिलीप कुमार ने बताया कि 16 सितंबर को वह मां कस्तूरी (55) के साथ सुमेरपुर से ऑटो से टेढ़ा जा रहा था। चंदेल गेस्ट हाउस के सामने चालक ने अचानक ऑटो मोड़ दिया जिससे सामने से आ रही बाइक टकरा गई। हादसे में कस्तूरी गंभीर रूप से घायल हो गईं। साथ ही पारा रैपुरा का बाइक सवार सुमित प्रजापति और ब्रजेश प्रजापति भी घायल हो गए। कस्तूरी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से सदर अस्पताल और फिर कानपुर रेफर किया गया जहां 17 सितंबर को उनकी मौत हो गई। दिलीप कुमार ने ऑटो चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। सुमित प्रजापति का इलाज चल रहा है।