फोटो 23 एचएएमपी 23- मृतका प्रीती की फाइल फोटो। स्रोतः परिजन
गोहांड (हमीरपुर)। पति से विवाद के बाद बृहस्पतिवार को महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है। मृतका के पिता ने दामाद पर दहेज के लिए बेटी को जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
जरिया थाने के अमूंद गांव निवासी रवि कुमार की पत्नी प्रीती (29) ने बृहस्पतिवार सुबह जहरीला पदार्थ निगल लिया। परिजन ने सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने झांसी रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में प्रीती की मौत हो गई। करौंदी गांव निवासी प्रीती के पिता खरेलाल अनुरागी ने बताया कि दामाद शराब का लती है। आए दिन घर में शराब के नशे में बेटी से विवाद करता था। आरोप लगाया कि दामाद दहेज में बाइक की मांग करता था।
बताया कि बुधवार रात में दामाद का बेटी से विवाद हुआ था। आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार सुबह बेटी को जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या कर दी है। महिला की मौत पर बेटा यश (8), बेटी मीठी (7) का रो-रोकर बुरा हाल है। जरिया थानाध्यक्ष मनोज पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। आरोपों के संबंध में शिकायती पत्र नहीं मिला है।