थानाक्षेत्र के छक्की डेरा में शुक्रवार रात ससुराल आए अधेड़ ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। वह दस वर्ष से पत्नी के मायके में रहने से नाराज था। पुलिस ने हत्यारोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूला है।
ग्राम पंचायत बिलौटा के मजरे छक्की डेरा निवासी मइयादीन निषाद ने बताया कि उसने 20 वर्ष पहले पुत्री पानकली (35) की शादी थाना ललपुरा के मोराकांदर गांव निवासी बाबू निषाद के साथ की थी। बताया कि दामाद बाबू नशे का आदी है। वह पानकली को आए दिन मारता पीटता था।
उसने अपनी जमीन भी बेच डाली। इससे दु:खी होकर पानकली करीब दस पूर्व मायके आ गई थी। पानकली का पुत्र अंकित (15) और पुत्री सानिया (7) हैं। मइयादीन ने बताया कि शुक्रवार रात वह खेत में बनी मड़इया में सोने चला गया। जबकि पुत्री पानकली बाहर आग ताप रही थी।
इस बीच उसका दामाद बाबू निषाद आया और पानकली को उठाकर ले गया। शनिवार सुबह उसका भाई रामऔतार वरसीम में पानी लगाने गया तो उसने पानकली का शव देखा। मइयादीन ने बताया कि बाबू ने गला दबाकर पानकली की हत्या कर धारदार हथियार से उसका चेहरा विकृत कर दिया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थानाध्यक्ष सुभाष यादव ने बताया कि आरोपी पानकली के साथ आए दिन मारपीट करता था। मामले की गहनता के साथ जांच की जा रही है। मृतका के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।