गुजरात से ससुराल आ रही महिला व उसकी पुत्री को पति ट्रेन में छोड़कर फरार
हो गया। गांव की जानकारी न होने पर महिला बच्ची के साथ भटकती हुई राठ
कोतवाली पहुंची।
गुजरात के दादरा थाना वाकी निवासी राधा पुत्री लाल सिंह
रविवार दोपहर अपनी मासूम बच्ची के साथ भटकती हुई थाने पहुंच। उसने बताया
कि पांच साल पहले उसने झांसी जनपद के गरौठा थाने के गोरपुर पसौर गांव
निवासी मानिक राजा उर्फ सोनू पुत्र ज्वाला प्रसाद के साथ शादी की थी। उसका
पति एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था।
बताया कि दो दिन पहले वह उसे अपने
गांव ले जाने के लिए ट्रेन से लेकर आया। महिला ने बताया कि रविवार की सुबह
उसका पति हरपालपुर रेलवे स्टेशन पर बाथरूम करने के बहाने ट्रेन से उतरकर
गायब हो गया। काफी देर बाद जब वह नहीं लौटा तो बच्ची के साथ ट्रेन से उतर
गई।
कोतवाली इंचार्ज रामपाल यादव ने महिला की आपबीती सुन मदद का भरोसा
दिलाया। कोतवाल ने महिला को पांच सौ रुपये देकर राठ से झांसी जाने वाली बस
में बैठा दिया। रामपाल यादव ने बताया कि महिला की ससुराल उनके क्षेत्र में
नहीं है। बताया, गरौठा के पास उसकी ससुराल होने के कारण मऊरानीपुर जाने
वाली बस में बैठा दिया। जिससे वह अपनी ससुराल पहुंच सके।