- जिला पोषण समिति की बैठक में डीएम ने दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। डीएम व सीडीओ ने सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति की बैठक की समीक्षा की। उन्होंने शत-प्रतिशत बच्चों का हो वजन मापने और पोषण ट्रैकर में अनिवार्य रूप से फीडिंग करने के निर्देश दिए।
डीएम अशोक कुमार व सीडीओ अरुण कुमार सिंह जिले में संचालित पोषण कार्यक्रमों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली की बिंदुवार समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कहा कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों का सही तरीके से वजन एवं मापन कराते हुए पोषण ट्रैकर पर शत-प्रतिशत फीडिंग की जाए। साथ ही सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों एवं मुख्य सेविकाओं को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करने तथा निरीक्षण आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
कहा कि पोषाहार वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। पोषण ट्रैकर पर लाभार्थियों का शत-प्रतिशत डाटा दर्ज करने के साथ ही एफआरएस के माध्यम से सभी पात्र लाभार्थियों को पोषाहार वितरण कराया जाए। कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान दिया जाए। आरबीएसके टीम द्वारा चिह्नित कुपोषित बच्चों को समय से पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती कराया जाए। इसमें लापरवाही पाए जाने पर संबंधित का मानदेय रोकने की कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर जिला विकास अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी एवं प्रभारी आदि मौजूद रहे।