फोटो 25 एचएएमपी 26- मैच के दौरान गेंद फेंकता खिलाड़ी। संवाद
हमीरपुर। मां जगदंबा क्रिकेट स्टेडियम छिबौली में आयोजित सीपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट में वॉइसलेस फाइटर्स टीम ने पांच विकेट से जीत दर्ज की। पांच चौके और एक छक्का की मदद से 31 रन बनाने वाले आकाश को मैन ऑफ दि मैच ट्राफी से नवाजा गया। दर्शकों ने क्रिकेट का पूरा आनंद लिया।
अलकच्छवा स्टार इलेविन टीम के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। कप्तान का यह फैसला गलत साबित हुआ। ओपनर बल्लेबाज अर्शल पहले ही ओवर में दीपेंद्र की गेंद पर बगैर खाता खोले आउट हो गए। अगले ही ओवर में कृष्णा ने पवन राजपूत को दो रन के निजी स्कोर पर पवेलियन की राह दिखा दी। इसके बाद मंयक राजपूत भी एक रन बनाकर आउट हो गए। 9.2 ओवर में पूरी टीम महज 67 रन बनाकर आउट हो गई। इन 67 रनों में 23 अतिरिक्त रन शामिल है।
इसमें पांच खिलाड़ी शून्य पर आउट हुए। दीपेंद्र ने तीन विकेट लिए तो वहीं कृष्णा, प्रिंस और संजय ने दो-दो विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वॉइसलेस फाइटर्स टीम के आकाश ने 17 गेंदों में पांच चौका और एक छक्का की मदद से ताबड़तोड़ 33 रन बनाए। पहला विकेट तीसरे ओवर में 25 रन के स्कोर पर गिरा। शाहरुख कुछ खास नहीं कर पाए और महज दो रन बनाकर लोकेंद्र की गेंद पर मयंक को कैच थमा बैठे। यश यादव भी एक रन बनाकर आउट हो गए। विकेट कीपर पालजी ने 10 रन का योगदान दिया। वॉइसलेस फाइटर्स टीम ने 6.5 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 68 रन बनाकर जीत दर्ज की। लोकेंद्र ने तीन विकेट लिए अर्शल और शाहिल को एक-एक विकेट मिला।