फोटो 08 एमएएचपी 16 परिचय-जिला अस्पताल की लैब में जांच के बाद रिपोर्ट लेने को जुटी मरीज व तीमारद
मौदहा (हमीरपुर)। मौसम में बदलाव के साथ वायरल बुखार, जुकाम और खांसी के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। मंगलवार को सीएचसी में सुबह से ही मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। ओपीडी में 800 से अधिक मरीज पहुंचे। मरीजों की बढ़ती संख्या के चलते अस्पताल की व्यवस्थाएं चरमराती नजर आईं।
ओपीडी में पर्चा बनवाने और चिकित्सक को दिखाने के लिए मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। पर्चा काउंटर की दोनों खिड़कियां संचालित रहीं लेकिन दवा वितरण केंद्र की एक खिड़की बंद होने से मरीजों की परेशानी और बढ़ गई। दवा लेने के लिए मरीजों और तीमारदारों को काफी देर तक लाइन में खड़ा रहना पड़ा।
सुबह से ही अस्पताल परिसर में मरीजों की भीड़ लगी रही। वायरल बुखार के साथ जुकाम और खांसी से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक रही। अचानक बढ़ी भीड़ को संभालने में स्वास्थ्यकर्मियों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।
मरीजों के अनुसार, उमस और अस्पताल में लंबी कतार के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बीमार मरीजों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। मरीजों की संख्या बढ़ने के बावजूद दवा वितरण की बंद खिड़की नहीं खोली गई।
सीएचसी प्रभारी डॉ. शानिब ने बताया कि मौसम परिवर्तन के कारण मरीजों की संख्या में अचानक इजाफा हुआ है। दवा काउंटर पर भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त दवा काउंटर भी खुलवाया जा रहा है। इससे मरीजों को असुविधा का सामना न करना पड़े।