फोटो 10 सीकेटीपी 26 स्टेडियम मैदान पर जोर आजमाइश करती टीमें। स्रोत: कोच
चित्रकूट। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही प्रदेश स्तरीय समन्वय सब जूनियर बालिका हैंडबाल प्रतियोगिता के तीसरे दिन शनिवार को रोमांचक मुकाबले हुए। दिन भर चले मैचों में वाराणसी, आजमगढ़, अयोध्या और प्रयागराज की टीमों ने शानदार जीत दर्ज की।
प्रतियोगिता में प्रदेश के 14 मंडलों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। तीसरे दिन के खेलों का शुभारंभ जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रजनीश मिश्रा ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उत्साहवर्धन किया और खेल भावना से खेलने की अपील की।शनिवार को कुल चार मुकाबले खेले गए। पहले मैच में वाराणसी ने गोंडा को 16-09 के अंतर से हराया। वाराणसी की खिलाड़ियों ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया। दूसरे मैच में आजमगढ़ ने मेरठ को 15-09 से मात दी।
तीसरे मुकाबले में अयोध्या ने बस्ती को एकतरफा 17-05 से पराजित किया। दिन के आखिरी और चौथे मैच में प्रयागराज की टीम ने झांसी को 15-01 के बड़े अंतर से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। मैचों में निर्णायक की भूमिका प्रेम प्रकाश सिंह, मोहम्मद सिराज, नवनीत सिंह, रणविजय त्रिपाठी, विजय सिंह, उज्जवल सोनकर, बीरबल शर्मा, आकाश गुप्ता, शिवानी शर्मा, मीरा यादव, स्मृति सक्सेना और अतुल सिंह ने निभाई।इस मौके पर क्रीड़ा अधिकारी आनंद सिंह यादव, फिरोज अंसारी, हितेंद्र सिंह, अख्तर हुसैन, श्याम सुंदर यादव समेत अन्य खेल प्रेमी मौजूद रहीं।