राठ सीएचसी में दुर्घटना की जानकारी देते मृतक के परिजन। संवाद
- फोटो : HAMIRPUR
राठ (हमीरपुर)। रिश्तेदार के अंतिम संस्कार से लौट रहे बाइक सवार दंपति को हमीरपुर मार्ग पर किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में पति की मौके पर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पत्नी को मेडिकल कालेज झांसी रेफर किया गया है। दुर्घटना में बाइक चालक का हेलमेट चकनाचूर हो गया।
कोतवाली थानाक्षेत्र के चिल्ली गांव निवासी अय्यूब मोहम्मद ने बताया शुक्रवार को अजनर थानाक्षेत्र के स्यावन गांव निवासी रिश्तेदार की मौत हो गई थी। सूचना पर उनके पुत्र बली मोहम्मद (32) अपनी पत्नी आमना खातून (29) के साथ अंतिम संस्कार में शामिल होने स्यावन गए थे। शनिवार देर रात दोनों बाइक से लौट रहे थे। तभी हमीरपुर मार्ग पर मां श्यामला देवी मंदिर गेट के पास किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे बली मोहम्मद के हेलमेट के परखच्चे उड़ गए। बली मोहम्मद की मौके पर ही मौत हो गई।
घायल आमना खातून को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां उनकी हालत नाजुक होने पर डा. आलोक ने मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया। मृतक भट्टों में मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। शनिवार रात उन्हें मजदूरी के लिए हाथरस जाना था। वह अपने पीछे पुत्री सितारा (13), शिफा (8) व पुत्र अरमान (5) को बिलखता छोड़ गए हैं। कोतवाल केके पांडेय ने कहा शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
मृतक बली मोहम्मद की फाइल फोटो।- फोटो : HAMIRPUR