बिहूनीखुर्द गांव में रोते बिलखते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
मुस्करा थानाक्षेत्र के मुल्लू पाल डेरा के पास ईंटों से भरी ट्रैक्टर ट्राली पलटने से उसमें सवार पिता-पुत्र की दबकर मौत हो गई। वहीं हादसे में ट्रैक्टर चालक और मृतक की बेटी ने कूदकर जान बचाई घटना ढालूदार खेत की चढ़ाई चढ़ते समय ट्राली का कुंदा टूटने से हुई। जिससे बोेनट पर बैठेे पिता-पुत्र नीचे दब गए। मुस्करा पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया।
बिहूनी खुर्द गांव के निवासी निवासी रामेश्वर पाल (33) पुत्र नारायनदास अपने परिवार के साथ गांव के बाहर डेरे में रहता था। सूखा पड़ने पर उसने इस साल अपने खेत में ईंटों की पथाई करा ली थी। ईंट पकने के बाद रविवार सुबह करीब नौ बजे वह गांव निवासी चंद्रभान प्रजापति की ट्रैक्टर-ट्राली में ईंट भरकर गांव लौट रहा था।
ट्रैक्टर चंद्रभान का पुत्र जगन्नाथ चला रहा था। तभी घसीटा अहिरवार के खेत के निकट चढ़ाई चढ़ते वक्त ट्रैक्टर-ट्राली का कुंदा टूट गया। ट्रैक्टर मालिक चंद्रभान ने बताया कि खेत से निकलने के बाद चढ़ाई के दौरान अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे ट्रैक्टर के बोनट पर बैठे रामेश्वर व उसका पुत्र दिलीप (14) टायर के नीचे दब गए।
दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रैक्टर चालक जगन्नाथ और रामेश्वर की पुत्री सरोज (11) कूदने से बाल बाल बच गए। घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। मृतक रामेश्वर के चाचा भतीजे रमेश पुत्र धनीराम ने थाने में सूचना दर्ज कराई।
रमेश ने बताया कि उसके चाचा रामेश्वर के पास करीब सात बीघा पैतृक जमीन है। जिससे उसके परिवार का गुजर बसर होता था। इस घटना से घर का इकलौता चिराग बुझने और पति के खोने के गम में रामदेवी बदहवास हो गई है।