राठ/गोहांड। कालेज से घर जा रही साइकिल सवार छात्रा की बोलेरो की टक्कर लगने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस पर चालक को भगाने का आरोप लगाते हुए उरई मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीणों की पुलिस से हाथापाई होती देख कई थानों की फोर्स मौके पर बुलानी पड़ी। इस दौरान चार घंटे तक जाम लगा रहा।
मझगवां थाने के महजौली गांव निवासी सुरेंद्र राजपूत की पुत्री मुस्कान उर्फ नानू (17) गोहांड कस्बा स्थित गांधी इंटर कालेज में इंटर की छात्रा थीं। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे कालेज से साइकिल से घर जा रहीं थीं। महजौली मोड़ के पास उरई मार्ग पार करते समय बोलेरो ने टक्कर मार दी। जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने बोलेरो चालक को पकड़कर पुलिस सौंप दिया था। जहां से वह भाग गया। जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को उठाने से इनकार करते हुए उरई मार्ग जाम कर दिया।
एसडीएम सरीला खालिद अंजुम, सीओ सरीला अखिलेश राजन, सीओ राठ अभय नारायण राय, जरिया एसओ रामआसरे सरोज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के समझाने पर परिजनों व ग्रामीणों का आक्रोश शांत नहीं हुआ। ग्रामीणों ने पुलिस को खरीखोटी सुनाते हुए धक्कामुक्की भी की। स्थिति बिगड़ते देख मौके पर राठ, जलालपुर व चिकासी थानों की पुलिस भी बुला ली गई। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के आश्वासन पर साढ़े चार बजे जाम खुला। जरिया एसओ रामआसरे सरोज ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
पुलिस चौकी से भाग निकला चालक
हादसे के बाद राहगीरों ने बोलेरो कार व चालक को गोहांड चौकी के हवाले कर दिया था। जहां कुछ देर में दर्जनों आक्रोशित ग्रामीण पहुंच गए। चौकी में चुनाव के चलते पुलिस फोर्स नहीं थी। एक मात्र कांस्टेबल मौजूद था। जिस पर बोलेरो चालक अपनी जान बचाकर भाग खड़ा हुआ। चालक के भागने पर भड़के ग्रामीणों में आक्रोश पनप गया।
---------------------------
भतीजी की शादी की तैयारी कराने गए थे पिता
महजौली निवासी सुरेंद्र राजपूत के बड़े भाई अरविंद झांसी में रहते हैं। सेना से रिटायर्ड हैं। 18 फरवरी को अरविंद की पुत्री की शादी है। भतीजी की शादी की तैयारी कराने सुरेंद्र झांसी गए थे। घटना की सूचना पर लौट बेटी का शव देख बिलख बिलख कर रो पड़े। मृतका मुस्कान व सोनिल सुरेंद्र राजपूत की पहली पत्नी रेखा की संतानें हैं। रेखा की करीब पांच वर्ष पूर्व सर्प दंश से मौत हो गई थी। दूसरी शादी पहरा गांव निवासी उपासना से हुई। जिनसे दो वर्ष का पुत्र हैं।
मृतका मुस्कान की फाइल फोटो- फोटो : HAMIRPUR