एक वर्ष पूर्व मनमर्जी की शादी रचाने वाली युवती पर दवाब बना परिजन घर तो वापस ले आए लेकिन दूसरी जगह शादी से इंकार किया तो उसे प्रताड़ित किया गया। युवती ने शुक्रवार देर शाम यूपी 100 को फोन कर बुलवा लिया। यूपी 100 पुलिस ने महिला पुलिस को इसकी जानकारी दी और युवती को थाने ले गई। एसडीएम मोहम्मद रिजवान के समथ बयान दर्ज हुए तो युवती ने अपने पति के साथ जाने की बात कही। इस पर पुलिस ने उसके प्रेमी को बुला उसके सुपुर्द कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के कम्हरिया गांव की शबीनाबानो ने बताया कि एक वर्ष पूर्व गांव निवासी कटनी में रेलवे का कर्मचारी मोहम्मद अनीस से प्रेम विवाह किया था। उसने निकाह के साथ ही कोर्ट मैरिज भी की है। लेकिन परिजनों ने ससुरालियों ने दबाव बनाया और उसे घर बुला लिया। इस बीच परिजन उसकी दूसरी शादी करना चाह रहे हैं। कहा कि उसने अपने पति के साथ ही जाने की जिद की तो परिजन उससे मारपीट करने पर आमादा हो गए। तभी उसने यूपी 100 को सूचना दी।
आनन-फानन गांव पहुंची यूपी 100 पुलिस ने युवती की दास्तां सुनने के बाद महिला पुलिस को बुलाया। तब उसे कोतवाली लाया गया। उसके बयानों के आधार पर उसके पति को बुलाया गया और उपजिलाधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर शादी का निकाहनामा व कोर्ट मैरिज के अभिलेख प्रस्तुत कर उसने स्पष्ट रूप से कहा कि वह बालिग है और उन्होंने शादी कर ली है। वह पति के साथ जाना चाहती है। उसकी व उसके ससुरालियों की सुरक्षा की जाए। उपजिलाधिकारी ने पुलिस अभिरक्षण में इस जोड़े को कटनी के लिए रवाना करा दिया।