फोटो 05 एचएएमपी 28- गोहांड के हरसुंडी गांव में प्राइवेट अस्पताल को सील करती स्वास्थ्य विभाग की
गोहांड (हमीरपुर)। हरसुंडी गांव में चल रहे प्राइवेट क्लीनिक में गलत इलाज से बच्चे की हालत बिगड़ने के मामले की शिकायत के बाद मंगलवार को जांच टीम पहुंची। बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित हो रहे अस्पताल को सील कर दिया है।
हरसुंडी गांव निवासी रामआसरे अनुरागी ने गांव में संचालित प्राइवेट क्लीनिक की शिकायत डीएम अभिषेक गोयल से की थी। उन्होंने बताया कि 28 अप्रैल को पेट दर्द से पीड़ित बेटे शिवम (7) को गांव के प्राइवेट डॉक्टर को दिखाया। डॉक्टर ने दवाएं देने के साथ ही ड्रिप चढ़ा दी जिसके बाद बेटे की हालत बिगड़ गई। बताया कि बेटे का ग्वालियर के अस्पताल में इलाज चल रहा है। अभी तक 83 हजार रुपये खर्च हो गए हैं। ग्वालियर के डॉक्टर गलत इलाज के चलते शरीर में इंफेक्शन फैलने की बात कह रहे हैं। डीएम ने मामले में जांच व कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मंगलवार को डिप्टी सीएमओ चतुर्भुज राजपूत, सरीला सीएचसी अधीक्षक डॉ. अखिलेश कुमार सिंह, जलालपुर एसआई विजय मिश्रा के साथ गांव पहुंचे। घर में संचालित क्लीनिक की जांच पड़ताल की है।
डॉ. अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि कौशल विकास मिशन के तहत प्रशिक्षण लेकर अस्पताल संचालित किया जा रहा था। अस्पताल का रजिस्ट्रेशन नहीं है। वहीं फायर सुरक्षा के मानक भी पूरे नहीं किए गए थे। कहा कि अस्पताल को सील कर जांच की जा रही है।