कुछेछा मार्ग पर मल्हौंवा गांव के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होने से सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। जिससे बाइक सवार चाचा-भतीजे घायल हो गए। उधर चरखारी मार्ग पर बफरेता के पास दो बाइकों की भिड़ंत में एक बाइक सवार को गंभीर चोटें आईं हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। बाइक सवार बिना हेलमेट यात्रा कर रहे थे।
मझगवां थाने के झिन्नावीरा गांव निवासी अशोक कुमार पुत्र फूलसिंह अहिरवार अपने चाचा प्रमोद पुत्र चेतराम के साथ राठ मंडी से मछली खरीदने आया था। दोपहर करीब दो बजे वह मछली खरीदकर चाचा के साथ गांव जा रहा था। मल्हौंवा गांव के पास बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई।
हादसे में अशोक और प्रमोद के सिर व हाथों में गंभीर चोटें आईं हैं, दोनों हेलमेट भी नहीं लगाए थे। उधर कस्बे के पठानपुरा मोहल्ला निवासी जगभान पुत्र चतुर गुरुवार दोपहर बाद गहरौली में रिश्तेदार के घर से बाइक पर लौट रहा था। तभी बफरेता गांव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई। युवक के पैरों व सिर में चोटें आईं हैं।
सीएचसी के चिकित्सक डॉ. एमके वर्मा ने बताया कि हेलमेट न लगाने से बाइक सवारों के सिर में गंभीर चोटें आई है।