हमीरपुर। बिजली चेकिंग करने पहुंची टीम को शहर के दो इलाकों में दो स्मार्ट मीटरों में शंट लगे मिले। इस पर दोनों उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट जेई ने दर्ज कराई है।
अधीक्षण अभियंता ज्ञानचंद्र यादव ने बताया कि सोमवार को अवर अभियंता संजीव कुमार टीम के साथ मोहल्ला अमन शहीद व गौरा देवी गांधीनगर में जांच करने पहुंचे। यहां निखिल गुप्ता व अभय के घरों में लगे मीटरों में टर्मिनल प्लेट के बीच शंट लगी मिली। मीटर के कवर में लगी सील पूर्व में लगी सील से भिन्न पाई गई, मीटर की डिस्पले में करंट 0.43 एंपियर व क्लैंप मीटर की डिस्पले पर 1.9 एंपियर प्रदर्शित हो रहा था। इससे मीटर में छेड़छाड़ होने की संभावना होने के कारण मीटर को मौके पर उपभोक्ता की मौजूदगी में सील करके नया मीटर उपभोक्ता के परिसर पर लगाया गया। संदिग्ध होने की स्थिति में उपभोक्ता को कार्यालय से नोटिस दिया। उपभोक्ता निखिल, अवर अभियंता संजीव, अधिशासी अभियंता अजीत कुमार सिंह, प्रवीण कुमार, एसडीओ शहजाद खान, आशुतोष सिंह, ओमप्रकाश, सर्किल इंचार्ज जीनस पावर इन्फ्राटेक अंकित निगम, डिवीजन इंचार्ज जीनस पावर भानुप्रताप सिंह आदि की मौजूदगी में मीटर की जांच की गई। मीटर की पीसीबी में शंट लगा पाया गया। अवर अभियंता की तहरीर पर पुलिस ने उक्त दोनों लोगों के खिलाफ विद्युत चोरी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।