फोटो 02 एचएएमपी- 12 बेतवा पुल पर 10 नंबर पियर का टूटा जॉइंट का एंगल। संवाद
- फोटो : 1
हमीरपुर। यमुना व बेतवा नदी पर बने पुल किसी बड़े हादसे को दावत दे रहे हैं। हालात यह है कि यमुना पुल पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं तो बेतवा पुल के जॉइंट जवाब दे रहे हैं। कहीं एंगल टूटकर निकल चुका है तो कहीं गिट्टी उखड़ रही है। जिम्मेदारों की नजरें इन खामियों पर नहीं है जिससे राहगीरों में चिंता व्याप्त है।
शुक्रवार को संवाद न्यूज एजेंसी की टीम ने दोपहर एक बजे बेतवा पुल व यमुना पुल की पड़ताल की। इस दौरान बेतवा पुल के पिलर नंबर 10 के जॉइंट का पांच फुट एंगल टूटकर निकल गया है। इससे जॉइंट पर करीब 6-7 इंच जगह हो गई है। वहीं नौ नंबर पिलर के जॉइंट का एंगल टूट गया है। वाहन निकलने पर तेज आवाज करता है। वहीं यमुना पुल पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। वाहन इन गड्ढों पर हिचकोले खा रहे हैं। इन गड्ढों को बचाने के लिए वाहन चालक इधर-उधर से वाहन निकालते नजर आए। वहीं पूरे पुल में जॉइंट व छत के बीच 5-6 इंच की ऊंचाई होने के कारण वाहन जंपिंग करते हैं। इससे कभी भी बड़े हादसे होने से इन्कार नहीं किया जा सकता है।
पांच फुट का एंगल टूटा, छह इंच का गैप :
बेतवा पुल के पिलर नंबर 10 पर टूटा एंगल महज लोहे का टुकड़ा नहीं, बल्कि पुल की मौजूदा हालत की तस्वीर है। करीब पांच फुट का एंगल टूटकर निकल चुका है। जॉइंट पर छह से सात इंच के गैप हो गए हैं। भारी वाहन इसी हिस्से से गुजर रहे हैं। पिलर नंबर नौ के जॉइंट का एंगल भी टूट चुका है। वाहन गुजरते ही यहां तेज आवाज होती है। सवाल यह है कि जब रोजाना हजारों भारी वाहन इन पुलों से गुजर रहे हैं तो टूटे जॉइंटों की मरम्मत के लिए किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों।
रोजाना 10 लाख की कमाई फिर भी गड्ढे
जनपद कानपुर नगर सीमा में स्थिति अलियापुर टोल प्लाजा से रोजाना 8-10 हजार भारी वाहन गुजरते हैं। इनसे करीब 9-10 लाख रुपये की रोजाना आय होती है। इसके बावजूद जिम्मेदारी संभाल रही कार्यदायी संस्था एनएचएआई इनकी मरम्मत को लेकर के लापरवाही बरत रही है। इन पुलों से रोजाना जिले भर के आलाधिकारी भी निकलते हैं लेकिन किसी की भी नजर इन गड्ढों व जॉइंटों पर नहीं पड़ती है।