फोटो 29 एचएएमपी 16- मौदहा गल्ला मंडी में चावल से भरे ट्रक की जांच करते एसडीएम व सीओ। संवाद
मौदहा (हमीरपुर)। एसडीएम करनवीर सिंह व सीओ राजकुमार पांडेय ने बुधवार रात नेशनल हाईवे 34 पर चावल से भरा ट्रक पकड़ा। सरकारी राशन के चावल की कालाबाजारी कर कानपुर ले जाने की सूचना पर कार्रवाई की गई है। ट्रक में 250 क्विंटल चावल मिली है। ट्रक को गल्ला मंडी में खड़ा करा दिया है।
पूर्ति निरीक्षक कमल और क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक आशुतोष कुमार ने बताया कि ट्रक में लदे चावल को सरकारी बोरों से निकालकर सामान्य बोरों में भरा गया था। चावल की बिल्टी भी बनाई गई थी।
प्रथम दृष्टया मामला सरकारी राशन की कालाबाजारी से जुड़ा होने की आशंका है। चावल मौदहा के आढ़तिया धर्मात्मा शरण साहू का बताया गया है। आढ़तिया ने बताया कि छोटे-छोटे दुकानदार चावल बेचने के लिए देते हैं। इसी चावल को आगे बेचने के लिए भेजा जा रहा था।
पुलिस ने ट्रक चालक सलीम निवासी मुस्करा को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। एसडीएम ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। कार्रवाई के दौरान गल्ला मंडी में चावल से लदे एक अन्य ट्रक का चालक फरार हो गया। पूर्ति विभाग ने ट्रक का विवरण जुटाने के लिए आरटीओ कार्यालय को जानकारी भेजी है। क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक आशुतोष कुमार ने बताया कि ट्रक का विवरण मिलने के बाद ही चावल के मालिक और उसके गंतव्य की जानकारी स्पष्ट हो सकेगी। दोनों मामलों में जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आएगी।