हमीरपुर। उपमंडल बड़सर के गलू में स्टीयरिंग लॉक होने के कारण एक ट्रक पहाड़ी से करीब सौ मीटर गहरी खाई में लुढ़क गया। हादसे में चालक और सामान तो सुरक्षित बच गया, लेकिन वाहन क्षतिग्रस्त हो गया है। दोपहर क्रेन की मदद से ट्रक को निकाला गया।
जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह लुधियाना से हमीरपुर एक ऑनलाइन ऐप के सामान की सप्लाई लेकर जा रहा ट्रक बड़सर के गलू के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। ट्रक गलू के पास पहाड़ी से करीब सौ मीटर नीचे गिर गया। गनीमत रही कि इसमें जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है।
ट्रक में ऑनलाइन ऐप के पांच केंद्रों का सामान था। ट्रक चालक ने बताया कि सुबह करीब चार बजे ट्रक का स्टीयरिंग जाम होने की वजह से ट्रक अनियंत्रित होकर पहाड़ी से नीचे गिर गया। दोपहर साढ़े 12 बजे ट्रक को क्रेन के माध्यम से निकाला गया है। एसएचओ मस्तराम नाइक ने कहा कि हादसे के कारणों की छानबीन की जा रही है।