फोटो 14 एचएएमपी 14- सुमेरपुर में डंपर खराब होने जाम में फंसी एंबुलेंस । संवाद
भरुआ सुमेरपुर। रविवार अपराह्न कस्बे के मध्य से गुजर रहे नेशनल हाईवे-34 पर सब्जी मंडी चौराहे के समीप खाली डंपर खराब हो जाने से भीषण जाम लग गया। जाम में परिवहन निगम की बसों, एंबुलेंसों तथा अन्य यात्री व निजी वाहनों समेत कई वाहन फंस गए। हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
रविवार करीब तीन बजे कबरई की ओर जा रहा एक खाली डंपर सब्जी मंडी चौराहे के पास अचानक खराब हो गया। डंपर के सड़क पर खड़े हो जाने से हाईवे पर दोनों तरफ यातायात बाधित हो गया और जाम गल्ला मंडी से नेहा चौराहे तक फैल गया। जाम में महोबा, हमीरपुर, कानपुर, लखनऊ और बांदा की ओर जाने वाली परिवहन निगम की आधा दर्जन से अधिक बसें, एंबुलेंस तथा अन्य वाहन फंस गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने यातायात सुचारु कराने के लिए वन-वे व्यवस्था लागू कर वाहनों को निकालने का प्रयास किया लेकिन डेढ़ घंटे बाद भी जाम पूरी तरह नहीं खुल सका और वाहन रेंग-रेंग कर आगे बढ़ते रहे। प्रभारी थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार राय ने बताया कि कबरई जा रहा डंपर खराब होने के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हुई है। डंपर को हटवाने का प्रयास किया जा रहा है तथा वन-वे यातायात व्यवस्था के माध्यम से आवागमन बहाल कराया जा रहा है। करीब डेढ़ घंटे बाद डंपर को हटाकर आवागमन सामान्य कराया गया है।