फोटो 20 एचएएमपी 09- विदोखर में रास्ते में धंसा ईंटों से लदा ट्रैक्टर। ग्रामीण
भरुआ सुमेरपुर। ग्राम पंचायत बिदोखर पुरई में शनिवार दोपहर ईंट लादकर बस्ती के अंदर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया सीसी मार्ग में धंस गया। इससे मार्ग पर करीब तीन फीट गहरा गड्ढा हो गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली फंस जाने से गांव का मुख्य रास्ता पिछले 24 घंटे से बंद है। आवागमन बाधित होने से ग्रामीणों को दूसरे रास्तों से होकर आ-जा रहे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक ट्रैक्टर-ट्रॉली ईंट लेकर जा रही थी। पूर्व सैनिक रामस्वरूप श्रीवास के दरवाजे के पास ट्राॅली का पहिया सीसी मार्ग में धंस गया। इससे मकान के बाहर चबूतरे पर बना शौचालय का टैंक भी क्षतिग्रस्त हो गया। बिदोखर पुरई निवासी प्रेम नारायण श्रीवास, वरदानी सविता, मेवालाल विश्वकर्मा, रामबाबू सोनी, गीता सोनी आदि ने बताया कि यह गांव का मुख्य मार्ग है। अधिकांश वाहन इसी रास्ते से होकर गुजरते हैं। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि जल जीवन मिशन के तहत सीसी मार्ग की खोदाई के बाद सही ढंग से मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क धंसने की घटना हुई है।