यमुना नदी में घुसा ट्रैक्टर व ट्राली लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
हमीरपुर। मुख्यालय में महिला का शव लेकर अंतिम संस्कार को आया चालक ट्रैैक्टर का ब्रेक फेल होने से मय ट्राली के शमशान घाट की तलहटी में नदी के नीचे तक जाकर पलट गया। दुर्घटना में ट्रैक्टर दो हिस्सो में बिखर गया। इस बीच ट्राली में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां एक घायल वृद्ध की मौत हो गई।
सुमेरपुर कस्बे के चांदथोक निवासी रेखा रानी पत्नी स्व. प्रवीण कु मार शुक्ला की मौत हो गई थी। शनिवार को उसका अंतिम संस्कार करने के लिए परिजन शव को ट्रैक्टर ट्राली में रखकर गांव के लोगों के साथ मुख्यालय आए। यमुना नदी में कचहरी के पास स्थित शमशान घाट में चालक रिक्की दुबे ने ट्रैक्टर को शमशान घाट के ऊपर न खड़ा कर ट्रैक्टर को मय ट्राली के घाट तक ले जाने के लिए ढलान से नीचे उतार दिया। तभी ट्रैक्टर का ब्रेक व स्टेयरिंग फेल हो गई।
इससे ट्रैक्टर मय ट्राली के नीचे जाकर पलट गया और ट्रैक्टर दो टुकड़ाें में बंट गया। इस दुर्घटना में ट्रैक्टर में सवार पंकज कुमार तिवारी (20), मइयादीन सविता (65), अजय कुमार (30) निवासी संदी थाना आटा जालौन व चालक रिक्की दुबे (25) घायल हो गए। जबकि आधा दर्जन लोगों ने ट्राली से कूदकर जान बचाई। सभी घायलों को कोतवाली पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां मइयादीन की मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।