भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। मेडिकल स्टोर संचालक ने पत्नी से विवाद होने के बाद मंगलवार रात ट्रेन के आगे कूद कर आत्महत्या कर ली। इससे पहले युवक ने अपनी तीनों बहनों से मोबाइल फोन पर बात कर दुनिया छोड़ने की बात कही और माता-पिता का ध्यान रखने को कहा।
थानाक्षेत्र का टेढ़ा गांव निवासी हिमांशु (27) कस्बे के वार्ड नंबर 17 में पत्नी तनु सिंह के साथ रहता था। टेढ़ा गांव में उसका मेडिकल स्टोर था। उसके बगल में पिता मुलायम सिंह परिहार परचून की दुकान किए हुए हैं। पिता ने बताया कि शाम करीब पांच बजे इसकी पत्नी से मोबाइल फोन पर कहासुनी हुई और वह तैश में आकर मेडिकल बंद करके कस्बा जाने की बात कहकर वहां से चला आया। लेकिन यह घर नहीं पहुंचा।
शाम करीब 6:30 बजे उसने अपने दोस्तों तथा रात करीब 8:30 बजे अपनी बहनों से बात करके दुनिया छोड़ने की बात कही। उसने दोस्तों व बहनों से माता-पिता का ख्याल रखना की बात कही। दोस्तों ने उसे ऐसा कदम उठाने से रोकने का काफी प्रयास किया। लेकिन करीब पौने दस बजे उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। इस पर दोस्तों ने पुलिस को आकर जानकारी दी और पिता ने गुमशुदगी का प्रार्थना पत्र दिया।
पुलिस ने उसके फोन को सर्विलांस में लगाया। लेकिन फोन स्विच ऑफ होने के कारण कोई लोकेशन नहीं मिल सका। हिमांशु की तलाश के लिए परिजन, दोस्त व पुलिस रात में कई घंटे तक परेशान रही। लेकिन वह नहीं मिल सका। दोस्तों ने रेलवे गेटमैनों को अपने मोबाइल नंबर दिए कि कोई युवक पटरियों के आसपास दिखे तो सूचना करना।
मंगलवार की भोर करीब 3:30 बजे सुमेरपुर देवगांव के मध्य स्थित गेटमैन का काल आया कि बांदा से कानपुर जा रही मालगाड़ी ट्रेन से एक युवक की टकराकर मौत हो गई है। इस पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वह अपने पीछे मां मुन्नी सिंह, पिता मुलायम सिंह,पत्नी तनु सिंह व छह माह के बेटे को रोता बिलखता छोड़ गया है।
थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि हिमांशु का फोन को सर्विलांस में लगाया गया था। लेकिन फोन स्विच ऑफ होने से कोई लोकेशन नहीं मिल सली।