सरीला (हमीरपुर)। जलालपुर थाना क्षेत्र के बरहरा गांव में जनगणना कर्मी बनकर पहुंचे तीन संदिग्धों पर घर में घुसकर बच्ची की फोटो लेने और परिवार को झांसा देने का आरोप लगा है। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से कर कार्रवाई की मांग की है।
बरहरा गांव निवासी ओमकार यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 26 जुलाई की सुबह करीब 10:45 बजे सफेद रंग की कार से दो नकाबपोश महिलाएं और एक अज्ञात युवक उनके घर पहुंचे। तीनों ने खुद को जनगणना विभाग का कर्मचारी बताते हुए घर में प्रवेश किया। आरोप है कि उन्होंने भतीजी की फोटो खींची और उसे 500 रुपये थमा दिए।
पीड़ित के अनुसार, जब जान्हवी की बड़ी बहन शिवकली ने उनसे पूछताछ की तो तीनों ने अपना परिचय बदलते हुए खुद को बीमा कंपनी का कर्मचारी बताया। उन्होंने कहा कि बच्ची के खाते में 20 हजार रुपये आएंगे। इसके बाद तीनों मौके से चले गए।
ओमकार का आरोप है कि तीनों संदिग्ध अपहरण या चोरी की नीयत से घर में आए थे। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रभारी थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार का कहना है कि सूचना के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। मौके पर हल्का इंचार्ज को भेजा है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।