कुरारा में मनकी फीडर पर आंधी से टूटे खंभे में लटका ट्रांसफार्मर
- फोटो : अमर उजाला
क्षेत्र में बुधवार की रात आई तेज आंधी से विद्युत लाइनों के 55 पोल टूट गए। इससे तीन फीडरों की सप्लाई बंद हो गई है। फिलहाल 21 गांव की बिजली गुल है। साथ ही आंधी से लोगों के टीन टप्पर उड़कर दूर जा गिरे।
रात में अचानक आई आंधी से ददरी गांव में उड़ रही टीन को समेट रहा एक कि सान उसी की चपेट में आकर घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर झमाझम बरसात से किसानों के चेहरे खिल गए हैं। सूखे से जूझ रहे किसान अब खरीफ फसल बोने के लिए जुताई करने की जुगत में हैं।
विकासखंड क्षेत्र में बुधवार की रात करीब दो बर्जे आई तेज आंधी से कस्बे में पूजा गेस्ट हाउस की टीन उड़कर बीच सड़क पर जा गिरी। वहीं मिश्रीपुर के मजरा ददरी गंाव में शंकर की टीनशेड उड़ते देख वह टीन को पकड़कर नीचे गिराने की कोशिश करने में जुट गया। तभी तेज आंधी के झोंके के साथ टीन सहित खुद नीचे आ गिरा।
जिससे वह घायल हो गया। आंधी से सर्वाधिक नुकसान मनकी व मिश्रीपुर फीडरों को गई लाइनों में हुआ है। इन दोनों फीडरों के 48 पोल टूटे हैं। इसके अलावा बेरी फीडर के सात पोल गिर गए। तीनों फीडरों की करीब डेढ़ किमी लाइन टूटी है। जिससे करीब 21 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।
बिजली गुल होने से इन गांवों में पेयजल आपूर्ति भी बाधित हुई है। उधर आंधी के साथ झमाझम बारिश होने से किसानों के चेहरों में खुशी छा गई है। सूखे में परती पड़े रहे खेतों की जुताई कर खरीफ में धान, बाजरा, ज्वार, मूंग, उड़द, सोयाबीन, मूंगफली आदि फसलों की बुआई के लिए खेतों की तैयारी का मन बनाने लगे हैं। विद्युत विभाग के अवर अभियंता विकास श्रीवास्तव ने बताया कि तीनों फीडरों को मिलाकर 55 पोल व लाइन के तार क्षतिग्रस्त हो जाने से आपूर्ति बहाल करने में एक सप्ताह का समय लग जाएगा।