बिदोखर पुरई गांव के देवी तालाब में मरी पड़ी मछलियां।
- फोटो : amarujala
थानाक्षेत्र के बिदोखरपुरई गांव में देवी तालाब में पिछले तीन दिनों से मछलियों एवं जलीय जंतुओं के मरने का सिलसिला जारी है। बदबू उठने से तालाब के आसपास रहने वाले लोगों का जीना मुश्किल है। ग्रामीणों ने प्रधान सहित पुलिस को घटना से अवगत कराकर मरी हुई मछलियों को तालाब से हटवाने की मांग की है। वहीं ठेकेदार का आरोप है कि किसी ने ईर्ष्या वश तालाब में जहरीला पदार्थ डाल दिया है। जिससे मछलियां मर रही हैं।
ग्राम पंचायत बिदोखर पुरई के देवी तालाब में मत्स्य पालन का पट्टा इंगोहटा निवासी मुनव्वर खान के नाम है। उसने इस तालाब में मछलियां पाल रखी हैं। तीन दिन से इस तालाब में पली हुई मछलियां व अन्य जलीय जंतु, मेंढक मरकर तालाब में उतारा रहे हैं। यह क्रम लगातार जारी है। रविवार तक हजारों मछलियां व जलीय जंतु मर गए हैं। मरी मछलियों की दुर्गंध से आसपास के लोग परेशान हैं।
तालाब के पास रहने वाले संतोष वर्मा, धनश्याम सिंह, दिनेश सिंह, रणधीर सिंह, डा.मानसिंह, सीताराम सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि मरी हुई मछलियों के सड़ने से तालाब से भीषण बदबू उठ रही है। इन लोगों ने इस समस्या से ग्राम प्रधान चंद्रप्रकाश यादव व थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार वर्मा को बताया और तालाब से मरी हुई मछलियों को निकलवाकर बाहर फिंकवाने की मांग की है। तालाब से उठने वाली दुर्गंध से निजात मिल सके।
प्रधान ने बताया कि ठेकेदार से वार्ता करने के बाद तालाब से मरी हुई मछलियों को निकालने के लिए जाल का प्रयोग किया जाएगा। उधर ठेकेदार मुनव्वर खान का कहना है कि किसी व्यक्ति ने ईर्ष्या वश तालाब में जहरीला पदार्थ डाल दिया है। उसी से मछलियां व अन्य जीव जंतु मर रहे हैं।