चरखारी रोड पर स्थित दो घरों से चोर हजारों का सामान ले गए। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है।कोतवाली के गल्हिया गांव निवासी वीरेंद्र कुमार सक्सेना का घर चरखारी रोड पर महावीरन मंदिर के निकट स्थित है। घर में उसके दो बच्चे पढ़ाई करते हैं।
परीक्षाएं खत्म होने के बाद उसकी बेटी मनीषा और बेटा हर्ष ताला लगाकर गांव चले गए। बुधवार की रात चोर दीवार फांद कर अंदर घुस गए और कमरे में लगा लोहे का जंगला तोड़ कमरे में रखा गृहस्थी का सामान पंखा, कढ़ाई, कुकर, कपडे़, बर्तन, स्टेपलाइजर सामान ले गए।
इसके बाद चोर कुछ दूरी पर रामस्वरूप लोधी बंधौली के मकान में किराए से रहकर पढ़ाई कर रहीं छात्राओं के कमरे में रखी एक साइकिल और पर्स चुरा कर ले गए। छात्रा कविता पुत्री गिरिजेश कुसमिलिया ने बताया कि वह अपनी दो सहेलियों रंजना वर्मा महोबा और प्रवेश राजपूत मझरवारा महोबा के साथ रहकर बीएससी कृषि प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही है। बताया कि रात में वह एक कमरे में सो रहीं थी, चोर उसके घर में घुस आए और उसकी रेंजर साइकिल ले गए।
चोर कमरे में रखा रंजना वर्मा का पर्स ले गए। जिसमें करीब 500 रुपये थे। सुबह जब जागी तो बाहर का दरवाजा खुला मिला। छात्रा ने बताया कि उसके घर के बगल में लोहे का खंभा लगा है। संभावना जताई कि इसी सहारे चोर घर में पहुंचे हैं। सूचना पर पुलिस ने पहुंच मौका मुआयना किया। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट नहीं लिखी है। चोरी की इन घटनाओं से मोहल्ले के लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।